Friday, October 2, 2026

हरिद्वार में किसान कुंभ की तैयारी तेज।

हरिद्वार में किसान कुंभ की तैयारी तेज।

पुरकाजी। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने जून में होने वाले किसान कुंभ को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने हरिद्वार पहुंचकर संगठन के पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक की और आगामी किसान कुंभ को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की। इस दौरान कार्यक्रम स्थल के रूप में वीआईपी घाट का चयन किया गया, जहां हजारों किसानों के जुटने की संभावना जताई जा रही है।

भाकियू जिलाध्यक्ष नवीन राठी ने बताया कि हर वर्ष 15 जून से 18 जून तक किसान कुंभ का आयोजन किया जाता है। यह आयोजन किसानों के लिए केवल धार्मिक या सामाजिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाले महीनों में किसानों के आंदोलनों की दिशा तय करने का बड़ा मंच भी माना जाता है।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के नेतृत्व में मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों के पदाधिकारी हरिद्वार पहुंचे, जहां किसान कुंभ की व्यवस्थाओं, किसानों की भागीदारी और संगठन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

मंडल महामंत्री गुरूमेल बाजवा ने बताया कि किसान कुंभ में अगले छह महीनों के आंदोलनों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। साथ ही देशभर से आने वाले पदाधिकारियों और किसानों से उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी और उनके समाधान पर विचार किया जाएगा।

बैठक के बाद सभी पदाधिकारियों ने निर्मल विरक्त कुटिया डेरा कार सेवा में लंगर ग्रहण किया। इसके बाद वीआईपी घाट का निरीक्षण किया गया, जहां किसान कुंभ आयोजित करने का अंतिम निर्णय लिया गया।

भाकियू नेताओं का दावा है कि इस बार किसान कुंभ में देश के विभिन्न राज्यों के अलावा विदेशों से भी किसान शामिल होने पहुंचेंगे। संगठन की ओर से चार दिनों तक लगातार लंगर सेवा भी चलाई जाएगी।

इस दौरान विजय शास्त्री, प्रदीप कौशिक, संजय चौधरी, प्रीत बाजवा, सुक्रमपाल सिंह, सुब्बा सिंह और बाबा पंडित सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट।

Latest news
Related news