Friday, October 2, 2026

अवैध शस्त्र फैक्ट्री का सप्लायर 20 हजार का इनामी मुठभेड़ में गिरफ्तार।



बुढ़ाना में मुठभेड़, 20 हजार का इनामी गिरफ्तार।

मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र में पुलिस और एक इनामी आरोपी के बीच मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी अवैध शस्त्र फैक्ट्री से जुड़े नेटवर्क का सप्लायर बताया जा रहा है और लंबे समय से वांछित चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, कांधला मार्ग पर नियमित चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह नहीं रुका और तेजी से भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। पीछा करने के दौरान उसकी बाइक फिसल गई, जिसके बाद उसने पेड़ की आड़ लेकर पुलिस टीम पर फायरिंग की।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बुढ़ाना में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी हाल ही में पकड़ी गई अवैध शस्त्र फैक्ट्री से जुड़ा सप्लायर है। वह थाना बुढ़ाना का हिस्ट्रीशीटर (एचएस) भी है और उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोपी के खिलाफ पहले से डकैती, लूट और गैंगस्टर एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं तथा उसका एक संगठित गिरोह भी सक्रिय बताया जा रहा है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देसी तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक पिस्टल और मोटरसाइकिल बरामद की है। पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आरोपी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश जारी है।




पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

Latest news
Related news