मुज़फ्फरनगर में छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित फिल्म “राजा शिवाजी” को उत्तर प्रदेश में टैक्स फ्री किए जाने की मांग को लेकर शिवसेना (एनडीए) कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने फिल्म को प्रेरणादायक बताते हुए इसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की जरूरत पर जोर दिया।
शिवसेना जिलाध्यक्ष बिट्टू सिखेड़ा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रकाश चौक स्थित कार्यालय से पैदल मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाज़ी करते हुए कलेक्ट्रेट तक पहुंचकर अपनी मांग रखी। वहां उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन डीएम की अनुपस्थिति में सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि छत्रपति शिवाजी महाराज भारतीय इतिहास के प्रमुख योद्धाओं में से एक हैं, जो सुशासन, राष्ट्रभक्ति और साहस के प्रतीक माने जाते हैं। उनकी जीवनगाथा पर आधारित यह फिल्म युवाओं को भारतीय संस्कृति, स्वराज्य की अवधारणा और उनके आदर्शों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकती है।
शिवसेना पदाधिकारियों का कहना है कि इस तरह की ऐतिहासिक और प्रेरणादायक फिल्मों को कर मुक्त किया जाना चाहिए, ताकि विद्यार्थी, युवा और आमजन आसानी से इसे देख सकें। उनका मानना है कि फिल्म को टैक्स फ्री करने से समाज में जागरूकता बढ़ेगी और ऐतिहासिक विरासत के प्रति सम्मान भी मजबूत होगा।
प्रदर्शन के दौरान प्रमोद अग्रवाल, जतिन वशिष्ठ, लोकेश कश्यप सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने प्रदेश सरकार से इस मांग पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।
प्रशासन की ओर से ज्ञापन प्राप्त कर मामले को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया गया है। साथ ही, आमजन से शांति और व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है।

