Wednesday, September 30, 2026

अशोक श्रीवास्तव पर केस: नोटिस देने पहुंची तेलंगाना पुलिस खाली हाथ लौटी।











गाजियाबाद के थाना लिंक रोड क्षेत्र स्थित सूर्यनगर पुलिस चौकी पर उस समय हलचल बढ़ गई, जब तेलंगाना पुलिस की टीम डीडी न्यूज़ के एंकर अशोक श्रीवास्तव को नोटिस देने पहुंची। लेकिन घंटों की कोशिश के बाद भी पुलिस को सफलता नहीं मिली और टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा।

मिली जानकारी के अनुसार, हैदराबाद के बेगमपुर थाना में अशोक श्रीवास्तव के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह केस उनके उस बयान को लेकर दर्ज हुआ है, जिसमें उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर विवादित टिप्पणी की थी। बयान में उन्होंने वीर सावरकर का जिक्र करते हुए राहुल गांधी की तुलना की थी, जिसे आपत्तिजनक बताते हुए यूथ कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने शिकायत दर्ज कराई।

इसी मामले में कार्रवाई करते हुए तेलंगाना पुलिस के दो सब-इंस्पेक्टर गाजियाबाद पहुंचे। उन्होंने थाना लिंक रोड में आमद दर्ज करवाई और इसके बाद सूर्यनगर स्थित अशोक श्रीवास्तव के आवास पर नोटिस तामील कराने गए। यह नोटिस बीएनएसएस की धारा 35(3) के तहत दिया जाना था, जिसके जरिए संबंधित व्यक्ति को जांच में शामिल होने के लिए बुलाया जाता है।

हालांकि, जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो अशोक श्रीवास्तव घर पर मौजूद नहीं मिले। पुलिस ने आसपास पूछताछ भी की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद औपचारिक प्रक्रिया पूरी करते हुए टीम को बिना नोटिस तामील किए ही वापस लौटना पड़ा।

इस पूरे घटनाक्रम ने राजनीतिक और मीडिया हलकों में हलचल बढ़ा दी है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि अशोक श्रीवास्तव इस मामले में आगे क्या कदम उठाते हैं और तेलंगाना पुलिस की अगली कार्रवाई क्या होगी।

Latest news
Related news