मुजफ्फरनगर में पुलिस व्यवस्था को मजबूत और जवाबदेह बनाने के लिए शनिवार को बड़ा कदम उठाया गया। पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने थाना मंसूरपुर का अचानक निरीक्षण कर पूरे सिस्टम की गहराई से जांच की। इस दौरान उन्होंने साफ कर दिया कि लापरवाही अब किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, कम्प्यूटर कक्ष, आगन्तुक कक्ष, मिशन शक्ति केन्द्र, साइबर हेल्प डेस्क, मालखाना और पुलिस मैस समेत हर महत्वपूर्ण जगह को बारीकी से चेक किया गया। एसपी सिटी ने रिकॉर्ड और अपराध रजिस्टरों की स्थिति देखी और लंबित मामलों पर नाराजगी जताते हुए उन्हें जल्द से जल्द निपटाने के सख्त निर्देश दिए।
कम्प्यूटर कक्ष और साइबर हेल्प डेस्क पर डाटा एंट्री की स्थिति का जायजा लेते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि हर एंट्री समय पर, सही और अपडेट होनी चाहिए। किसी भी तरह की लापरवाही सीधे कार्रवाई का कारण बनेगी।
महिलाओं से जुड़े मामलों को लेकर भी उन्होंने गंभीर रुख अपनाया। मिशन शक्ति केन्द्र का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिया कि महिला शिकायतों का तुरंत और संवेदनशील तरीके से निस्तारण किया जाए और पीड़ितों को पूरी सुरक्षा व मदद मिले।
आगन्तुक कक्ष में मौजूद फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए एसपी सिटी ने पुलिस कर्मियों को चेताया कि हर शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और उसका तेजी से समाधान किया जाए, ताकि जनता का भरोसा बना रहे।
पुलिस कर्मियों की सुविधाओं पर भी ध्यान देते हुए मैस का निरीक्षण किया गया। यहां साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता को लेकर निर्देश दिए गए कि सभी कर्मियों को स्वच्छ और पौष्टिक भोजन नियमित रूप से मिले।
इसके साथ ही क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाने, संवेदनशील इलाकों में कड़ी निगरानी रखने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के आदेश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी खतौली रूपाली राय, थाना प्रभारी मंसूरपुर विपिन त्यागी सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
इस अचानक निरीक्षण से साफ संकेत गया है कि अब पुलिस विभाग में कामकाज को लेकर सख्ती बढ़ेगी और जनता से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

