Thursday, October 1, 2026

मुजफ्फरनगर में रिश्तों का कत्ल: 14 साल की बेटी से पिता और चाचा ने की हैवानियत, पुलिस ने दोनों दरिंदों को भेजा जेल।


मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जिसने मानवता और खून के रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। यहाँ एक 14 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ उसके सगे चाचा और फिर सगे पिता ने महीनों तक हैवानियत का घिनौना खेल खेला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

घटना शहर कोतवाली क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, पीड़िता की मां की मृत्यु कई वर्ष पहले हो चुकी है। उसका पिता पेशे से ट्रक ड्राइवर है और अक्सर बाहर रहता है। करीब 5 महीने पहले, अपनी बेटी की सुरक्षा की खातिर पिता ने उसे उसके चाचा के घर छोड़ दिया था। लेकिन रक्षक ही भक्षक बन गया। मौका पाकर सगे चाचा ने अपनी ही भतीजी के साथ बलात्कार किया और डरा-धमकाकर लगातार 4 महीनों तक उसके साथ दुष्कर्म करता रहा।

हैरानी और दुख की बात तब हुई जब पिता काम से वापस लौटा और बेटी ने रोते हुए चाचा की काली करतूत उसे सुनाई। एक पिता होने के नाते उसे अपनी बेटी को न्याय दिलाना चाहिए था, लेकिन उसने अपने भाई के खिलाफ कोई कदम नहीं उठाया। उल्टे, पिता ने भी अपनी सगी बेटी को अपनी हवस का शिकार बनाना शुरू कर दिया। आरोपी पिता पिछले 3-4 महीनों से अपनी बेटी के साथ जानवरों जैसा सलूक कर रहा था और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दे रहा था।
**शामली में मौसी को सुनाई आपबीती**
पिता और चाचा की इस दोहरी हैवानियत से तंग आकर पीड़िता किसी तरह अपनी मौसी के घर शामली पहुंच गई। वहां उसने अपनी मौसी को आपबीती सुनाई, जिसे सुनकर पैरों तले जमीन खिसक गई। मौसी तुरंत पीड़िता को लेकर मुजफ्फरनगर की शहर कोतवाली पहुंची और पुलिस को लिखित शिकायत दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरनगर पुलिस तुरंत एक्शन में आई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और बलात्कार की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

पूरे मामले की जानकारी देते हुए सीओ सिटी सिद्धार्थ कुमार मिश्रा ने बताया, *”शहर कोतवाली क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची के साथ उसके पिता और चाचा द्वारा दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर तत्काल अभियोग पंजीकृत किया गया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले की विधिक कार्यवाही जारी है। यह घटना समाज के लिए एक बड़ा सवाल छोड़ गई है कि अगर घर के अंदर ही सगे रिश्ते इस तरह हैवान बन जाएं, तो बेटियां कहाँ सुरक्षित रहेंगी? फिलहाल, दोनों आरोपी सलाखों के पीछे हैं और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Latest news
Related news