उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पारिवारिक नाराजगी ने ऐसा रूप ले लिया कि दूल्हे के अपने ही चाचा ने उसके घर को वेल्डिंग कर सील कर दिया। घटना जालौन कोतवाली क्षेत्र के जालौन नगर की है, जहां शादी में आमंत्रित न किए जाने से नाराज चाचा ने इस कदम को अंजाम दिया।
जानकारी के मुताबिक, परिवार में चल रही रंजिश के चलते चाचा को शादी में नहीं बुलाया गया था। इसी बात से आहत होकर उन्होंने गुस्से में दूल्हे के घर के मुख्य दरवाजे को वेल्डिंग मशीन से पूरी तरह बंद कर दिया और गेट पर ताला भी जड़ दिया।
जब दूल्हा अपनी दुल्हन के साथ बारात से वापस लौटा, तो घर का मुख्य दरवाजा बंद देखकर सभी हैरान रह गए। दुल्हन का गृह प्रवेश भी नहीं हो सका, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिवार में हड़कंप की स्थिति बन गई।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और अपनी मौजूदगी में वेल्डिंग को तुड़वाया गया। काफी मशक्कत के बाद दरवाजा खुल सका और दूल्हा-दुल्हन घर के अंदर प्रवेश कर पाए।
पीड़ित भतीजे मोहम्मद माजिद ने बताया कि चाचा की नाराजगी ही इस पूरी घटना की मुख्य वजह है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।
यह घटना न केवल पारिवारिक रिश्तों में बढ़ती खाई को दर्शाती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि छोटी-छोटी नाराजगियां किस तरह गंभीर स्थिति का रूप ले सकती हैं।

