Thursday, October 1, 2026

शुकतीर्थ में मोरारी बापू की रामकथा: 2 से 10 मई तक जुटेगी विशाल भीड़।

शुकतीर्थ में मोरारी बापू की रामकथा: 2 से 10 मई तक जुटेगी विशाल भीड़।

खबर पश्चिमी यूपी के जनपद मुजफ्फरनगर से है।

मुजफ्फरनगर में मीडिया सेंटर से जुड़े पत्रकारों के साथ एक निजी रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान आयोजकों ने शुकतीर्थ में होने जा रही मोरारी बापू की रामकथा को लेकर विस्तृत जानकारी साझा की। इस दौरान बताया गया कि विश्व विख्यात कथा वाचक मोरारी बापू के श्रीमुख से 2 मई से 10 मई 2026 तक शुकतीर्थ की पावन भूमि पर भव्य रामकथा का आयोजन किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार, यह धार्मिक आयोजन श्री शुकदेव आश्रम, शुकतीर्थ (जनपद मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश) में होगा। कथा का शुभारंभ 2 मई को सायं 4 बजे से 7 बजे तक किया जाएगा, जबकि 3 मई से 10 मई तक प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक कथा का वाचन होगा।

प्रेस वार्ता में बताया गया कि शुकतीर्थ वह ऐतिहासिक और पवित्र स्थल है, जहां परम श्रद्धेय शुकदेव जी ने राजा परीक्षित को श्रीमद्भागवत कथा का उपदेश दिया था। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मोरारी बापू यहां रामकथा का वाचन करेंगे। इस कथा का उद्देश्य मानव जीवन में आत्मज्ञान, सद्भाव और विश्व कल्याण का संदेश देना है।

आयोजन समिति ने जानकारी दी कि मोरारी बापू की यह शुकतीर्थ में आयोजित होने वाली छठवीं रामकथा होगी। इससे पहले वर्ष 1988, 1991, 1999, 2007 और दिसंबर 2020 में यहां भव्य रामकथाएं आयोजित हो चुकी हैं, जिनमें भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए थे। बापू का इस तीर्थ स्थल से विशेष आध्यात्मिक जुड़ाव बताया गया।

प्रेस वार्ता के दौरान आयोजकों ने यह भी बताया कि इस बार का आयोजन अंतरराष्ट्रीय स्तर का होगा। देश के विभिन्न राज्यों के अलावा अमेरिका, इंग्लैंड, कनाडा सहित कई देशों से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कथा पूरी तरह निःशुल्क होगी और किसी भी श्रद्धालु से किसी प्रकार का शुल्क या चंदा नहीं लिया जाएगा।

व्यवस्थाओं को लेकर आयोजकों ने दावा किया कि कथा स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध एवं सात्विक भोजन प्रसाद की व्यवस्था की गई है। साथ ही, बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ठहरने, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी विशेष प्रबंध किया जा रहा है।

प्रेस वार्ता में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल सहित कई गणमान्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने इस आयोजन को जनपद के लिए गौरव का विषय बताया और कहा कि इससे क्षेत्र की धार्मिक पहचान को और मजबूती मिलेगी।

आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रामकथा का श्रवण करें और इस आध्यात्मिक आयोजन का हिस्सा बनें। साथ ही, प्रशासन से भी सहयोग की अपेक्षा जताई गई है, ताकि इतने बड़े स्तर पर होने वाले कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।

जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट।

Latest news
Related news