मुजफ्फरनगर में एक सब्जी व्यापारी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। पंजाबी कॉलोनी निवासी व्यापारी पंकज खुराना रविवार को घर से सत्संग में जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे।
परिजनों ने जब उनसे संपर्क करने की कोशिश की तो उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला, जिससे चिंता और बढ़ गई। काफी तलाश के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं लगा तो मामला पुलिस तक पहुंचाया गया।
जांच के दौरान एक बड़ा सुराग तब मिला जब पंकज खुराना की मोपेड (विक्की) मीरापुर थाना क्षेत्र के कुतुबपुर गंगनहर में लावारिस हालत में पाई गई। इस घटना के बाद गंगनहर में गिरने की आशंका जताई जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत गोताखोरों की टीम को मौके पर बुलाया और नहर में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। घंटों से लगातार तलाश जारी है, लेकिन अब तक व्यापारी का कोई पता नहीं चल पाया है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाने की कोशिश की जा रही है।
फिलहाल पूरे इलाके में दहशत और बेचैनी का माहौल बना हुआ है।

