वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र के घमहापुर गांव में एक मामूली विवाद ने बेहद खौफनाक रूप ले लिया, जहां 38 वर्षीय व्यवसायी मनीष सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, घमहापुर निवासी मनीष सिंह देर रात अपनी फैक्ट्री से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार से बिंदु नाम की एक महिला का एक्सीडेंट हो गया। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि इस दुर्घटना के बाद ही विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि कुछ मनबढ़ लोगों ने एकजुट होकर मनीष सिंह पर हमला कर दिया और उन्हें बेरहमी से पीटा। गंभीर चोटों के चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही फूलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में 8 नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। अब तक 11 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

