खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के नेहरू चुंगी स्थित एक जिम में जन्मदिन की पार्टी उस समय खौफनाक हादसे में बदल गई, जब केक चेहरे पर लगाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि जन्मदिन मना रहे युवक जीतू ने अपने ही तीन दोस्तों अमरदीप, मनीष और आकाश को सिर में गोली मार दी, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि जिम में देर रात बर्थडे पार्टी चल रही थी। पार्टी के दौरान दोस्तों के बीच केक चेहरे पर लगाने को लेकर कहासुनी हुई। यह विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी जीतू ने अपना आपा खो दिया और अपने तीनों दोस्तों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली सिर में लगने से तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और जिम परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी जीतू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक मामूली विवाद का इतना भयावह रूप लेना कई सवाल खड़े कर रहा है। परिवारों में मातम पसरा हुआ है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मामले में मृतक पक्ष के परिजन संजय सैनी ने घटना पर गहरा दुख और नाराजगी जताई है, जबकि एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने कहा है कि पुलिस हर पहलू से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

