Thursday, October 1, 2026

संभल में टायर फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों का नुकसान।




उत्तर प्रदेश के संभल जिले में रविवार को एक टायर गलाने वाली फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग पिछले करीब 2 घंटे से लगातार विकराल रूप धारण किए हुए है, जिसे बुझाने के लिए दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर लगातार प्रयास कर रही हैं, लेकिन आग पर काबू पाना अभी भी चुनौती बना हुआ है।

यह घटना थाना बनियाठेर क्षेत्र के चंदौसी-गुंमथल रोड स्थित साधु मढ़ी के पास की है, जहां टायर फैक्ट्री के साथ-साथ मोबिल फैक्ट्री भी मौजूद है। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री इसकी चपेट में आ गई। शुरुआती अनुमान के मुताबिक इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी लंबे समय से की जा रही थी और लापरवाही के चलते इससे पहले भी यहां आग लग चुकी है। बावजूद इसके पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए, जिसके कारण यह बड़ा हादसा हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों की मदद से स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।

Latest news
Related news