Thursday, October 1, 2026

स्कूल में चौकीदार की बेरहमी से हत्या, CCTV बंद होने से उठे सवाल।





उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां एक प्राइवेट स्कूल में तैनात चौकीदार की निर्मम हत्या कर दी गई। घटना चरथावल थाना क्षेत्र के किड्स हेवन पब्लिक स्कूल की है, जहां करीब 50 वर्षीय चौकीदार राजकुमार उर्फ राजू का खून से लथपथ शव स्कूल परिसर में मिला।

बताया जा रहा है कि राजकुमार पिछले लगभग 4 वर्षों से स्कूल में चौकीदारी का काम कर रहे थे और रोजाना की तरह रात में ड्यूटी पर मौजूद थे। देर रात अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से उनके सिर पर वार कर उनकी हत्या कर दी।

घटना की जानकारी सुबह उस समय हुई जब स्कूल स्टाफ पहुंचा और परिसर में शव पड़ा देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मामले में एक अहम बात यह सामने आई है कि घटना के समय स्कूल के CCTV कैमरे बंद थे, जबकि घटना के बाद वे दोबारा चालू पाए गए। इस पर मृतक के परिजनों ने गंभीर सवाल उठाए हैं और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मृतक के भाई का कहना है कि राजकुमार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि CCTV की गहन जांच हो और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए।

वहीं पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला हत्या का है और धारदार हथियार से वार किए जाने के सबूत मिले हैं। डॉग स्क्वॉड की मदद से आरोपियों के भागने के रास्ते का पता लगाया जा रहा है। मामले में कई टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।

फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है, लेकिन CCTV कैमरों का घटना के समय बंद होना इस केस को और भी संदिग्ध बना रहा है।

Latest news
Related news