Thursday, October 1, 2026

जनगणना 2027: गलत जानकारी पर सख्ती, तैयारी तेज।



मुज़फ़्फ़रनगर में भारत की 16वीं जनगणना 2027 को लेकर प्रशासन ने तैयारियों को तेज़ कर दिया है। इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल और अधिक सख्त नियमों के साथ आयोजित की जा रही है, जिसमें लोगों को सही और पूरी जानकारी देना अनिवार्य होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गलत जानकारी देने पर कार्रवाई भी की जा सकती है, जिससे इस प्रक्रिया की गंभीरता और बढ़ गई है।

जनपद में प्रगणकों (गणना करने वाले कर्मचारी) और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षित करने के लिए कुल 10 प्रशिक्षण केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर प्रशिक्षण कार्य तेजी से चल रहा है और प्रशासन की पूरी मशीनरी इसमें जुटी हुई है। अपर जिलाधिकारी (वित्त) गजेंद्र सिंह के अनुसार, सदर तहसील में चार, जानसठ, खतौली और बुढ़ाना तहसीलों में दो-दो केंद्र स्थापित किए गए हैं।

सदर तहसील में जानसठ रोड स्थित एसडी पब्लिक स्कूल, जीडी गोयनका स्कूल, भोपा रोड का एसडी पब्लिक स्कूल और गांधी कॉलोनी लिंक रोड का माउंट लिटेरा पब्लिक स्कूल प्रशिक्षण केंद्र बनाए गए हैं। वहीं जानसठ तहसील में एंबियंस एकेडमी और गोल्डन बेल पब्लिक स्कूल, खतौली में मैपल्स एकेडमी और सेंट थॉमस स्कूल, तथा बुढ़ाना तहसील में मैपल्स एकेडमी और सोहजनी तगान का राखी पब्लिक स्कूल इस कार्य में लगाए गए हैं।

इस बार जनगणना प्रक्रिया को आधुनिक और सरल बनाने के लिए ऑनलाइन सिस्टम लागू किया गया है। 7 मई से 21 मई 2026 तक लोग स्वयं (सेल्फ-एन्यूमरेशन) ऑनलाइन अपनी जानकारी भर सकेंगे। इसके बाद 22 मई से 20 जून 2026 तक गणनाकर्मी घर-घर जाकर पहले चरण के तहत हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग सेंसस का सर्वे करेंगे।

प्रशासन के अनुसार, इस दौरान कुल 34 सवाल पूछे जाएंगे, जिनका सही और स्पष्ट उत्तर देना हर नागरिक की जिम्मेदारी होगी। इन सवालों में परिवार, आवास, शिक्षा, रोजगार और अन्य जरूरी जानकारियां शामिल होंगी।

प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि जब गणनाकर्मी उनके घर आएं तो वे पूरा सहयोग करें और सही जानकारी दें। जनगणना सिर्फ एक सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश की योजना और विकास की नींव होती है। इसलिए इसमें लापरवाही या गलत जानकारी देना भविष्य की नीतियों को प्रभावित कर सकता है।

मुज़फ़्फ़रनगर में जनगणना को लेकर अब स्पष्ट रोडमैप तैयार हो चुका है और प्रशिक्षण से लेकर फील्ड सर्वे तक हर स्तर पर काम तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।

Latest news
Related news