Thursday, October 1, 2026

गरीब बच्चों के लिए मंत्री का बड़ा कदम, सुबह-सुबह पहुंचकर शुरू कराया स्कूल।



खबर पश्चिम उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर से है।

गरीब और झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए मुजफ्फरनगर सदर विधानसभा से विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार में  राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने एक सराहनीय पहल करते हुए अस्थाई रूप से स्कूल की शुरुआत कराई। रुड़की रोड क्षेत्र में “स्कूल चलो अभियान” के तहत मंत्री खुद सुबह-सुबह अधिकारियों के साथ बच्चों के बीच पहुंचे और उन्हें पढ़ाई के लिए प्रेरित किया।

इस मौके पर बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार और खंड शिक्षा अधिकारी भी मौजूद रहे। मंत्री ने एक दिन पहले खुद मौके पर जाकर ऐसे बच्चों को चिन्हित किया था, जो स्कूल जाने के लिए तैयार थे। अगले ही दिन उन्होंने बिना देरी किए बच्चों के लिए पढ़ाई की व्यवस्था शुरू कराई।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को स्कूल ड्रेस, बैग और किताबें भी वितरित की गईं। बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और उनके अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना की।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए, खासकर गरीब और जरूरतमंद बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे बच्चों की पहचान कर उन्हें लगातार शिक्षा से जोड़ा जाए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मंत्री का यह कदम उन बच्चों के लिए नई उम्मीद लेकर आया है, जो अब तक स्कूल से दूर थे। अस्थाई रूप से शुरू की गई यह पहल आगे चलकर स्थायी और बेहतर व्यवस्था का रूप ले सकती है।

फिलहाल इस प्रयास को गरीब बच्चों के भविष्य के लिए एक मजबूत शुरुआत माना जा रहा है, जिसने समाज में एक सकारात्मक संदेश दिया है कि हर बच्चे तक शिक्षा पहुंचाना ही असली विकास है।

इस पूरा अभियान को लेकर हमारे संवाददाता तनवीर मलिक ने राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल से खास बातचीत की है आप भी सुनिए क्या कुछ कहना है मंत्री का पूरे मामले को लेकर।

Latest news
Related news