उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के खतौली क्षेत्र में पुलिस दबिश के दौरान बड़ा बवाल सामने आया है। एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित चल रहे आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर उसके परिजनों ने हमला कर दिया और आरोपी को छुड़ाकर फरार करा दिया।
घटना बुधवार की है, जब खतौली कोतवाली पुलिस कस्बे के देवीदास मोहल्ले में पूर्व सभासद विनोद शेरवान को गिरफ्तार करने पहुंची थी। पुलिस ने आरोपी को घर से पकड़ भी लिया था, लेकिन तभी उसके परिवार के लोग आक्रामक हो गए। परिजनों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान महिलाओं ने भी पुलिस का विरोध किया और जबरन आरोपी को छुड़ा लिया।
हंगामे का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गया। इस पूरी घटना को किसी स्थानीय व्यक्ति ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह पुलिस टीम को घेरकर आरोपी को छुड़ाया गया।
घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी है और कई टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए लगाई गई हैं। साथ ही, पुलिस ने आरोपी को छुड़ाने में शामिल परिजनों के खिलाफ भी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इस मामले पर जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी खतौली रामाशीष यादव ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के वांछित आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम के साथ मुजम्मत (हाथापाई) की गई और आरोपी को छुड़ा लिया गया। उन्होंने कहा कि इस मामले में थाना खतौली में केस दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस पर हमले और आरोपी को छुड़ाने की यह घटना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। प्रशासन अब इस मामले को सख्ती से लेकर कार्रवाई करने की बात कह रहा है।

