महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को मजबूत बनाने के उद्देश्य से मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा एक गंभीर और व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में ‘मिशन शक्ति-5.0 (द्वितीय चरण)’ के तहत जिले के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया।
यह अभियान स्कूलों, कॉलेजों, गांवों, कस्बों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक स्थानों पर चलाया गया, जहां पुलिस टीमों ने सीधे संवाद कर महिलाओं को सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस दौरान पंपलेट बांटकर विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी विस्तार से समझाई गई।
पुलिस द्वारा जिन प्रमुख हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई उनमें डायल-112 (आपातकालीन सेवा), महिला हेल्पलाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, एंबुलेंस सेवा-108 और स्वास्थ्य सेवा-102 शामिल हैं। साथ ही ट्विटर सेवा, जनसुनवाई पोर्टल और वन स्टॉप सेंटर जैसी सुविधाओं के बारे में भी बताया गया, जिससे महिलाएं किसी भी परेशानी में तुरंत मदद प्राप्त कर सकें।
इसके अलावा, महिला कल्याण से जुड़ी सरकारी योजनाओं जैसे निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान योजना और महिला शक्ति केंद्र योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि महिलाएं इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें यह भरोसा दिलाना है कि उनकी सुरक्षा के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।
MEDIA CELL, MUZAFFARNAGAR POLICE

