उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में शादी समारोह के दौरान सड़कों पर हुड़दंग मचाने का मामला सामने आया है, जिसे पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई की है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें कुछ युवक कार की छत पर चढ़कर और मोटरसाइकिलों पर खतरनाक स्टंट करते हुए नजर आ रहे हैं।
यह घटना 12 अप्रैल की बताई जा रही है, जब बुढाना कस्बे में एक शादी समारोह में आए कुछ बारातियों ने सड़क पर खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाईं। युवकों ने गाड़ियों की छत पर चढ़कर और बाइक पर स्टंट कर न केवल अपनी जान जोखिम में डाली, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा को भी खतरे में डाल दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान एक कार चालक आक़िल को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो गाड़ियों को सीज कर दिया गया।
पुलिस हिरासत में आया चालक अपनी गलती मानते हुए माफी मांगता नजर आया। उसने बताया कि वह अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी शादी में लेकर आया था, जिसमें सवार कुछ बारातियों ने ही छत पर चढ़कर हुड़दंग मचाया।
इस पूरे मामले पर जानकारी देते हुए सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और दो वाहनों को जब्त किया गया है। साथ ही नाबालिग बच्चों के अभिभावकों को बुलाकर सख्त चेतावनी दी गई है कि भविष्य में इस तरह की हरकत दोबारा न हो।
पुलिस ने साफ कर दिया है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की लापरवाही और हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

