मुजफ्फरनगर के ग्राम वहलना में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने से इलाके में भारी आक्रोश फैल गया है। यह घटना न सिर्फ स्थानीय लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली है, बल्कि सामाजिक सौहार्द पर भी सवाल खड़े करती है।
घटना की जानकारी मिलते ही समाजवादी पार्टी महिला सभा की जिलाध्यक्ष पूजा अनिल अंबेडकर मौके पर पहुंचीं। उन्होंने गुस्साए ग्रामीणों को शांत करते हुए भरोसा दिलाया कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
पूजा अंबेडकर ने प्रशासन से सख्त शब्दों में मांग की कि 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और बाबा साहब की नई प्रतिमा तत्काल स्थापित की जाए। उन्होंने कहा कि “बाबा साहब के विचारों को इस तरह की घटिया हरकतों से दबाया नहीं जा सकता।”
उन्होंने आगे कहा कि एक तरफ समाजवादी पार्टी 14 अप्रैल को बाबा साहब की जयंती को हर स्तर पर मनाने की तैयारी कर रही है, वहीं दूसरी ओर ऐसे असामाजिक तत्व कानून को चुनौती देकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
सपा नेत्री ने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। ग्रामीणों में भी इस घटना को लेकर भारी नाराजगी है और वे न्याय की मांग कर रहे हैं।
स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है, प्रशासन पर अब सभी की नजरें टिकी हैं।

