मुजफ्फरनगर जिले के गांव शेरनगर स्थित MRS पब्लिक स्कूल में स्थापना के 10 वर्ष पूरे होने के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ, जिसमें बच्चों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में छोटे-छोटे बच्चों ने सामाजिक और नैतिक विषयों पर आधारित कई प्रेरणादायक नाटक और प्रस्तुतियां पेश कीं। बच्चों ने माता-पिता के महत्व, साफ-सफाई की आवश्यकता, दहेज जैसी कुरीतियों, मरघट में भोजन करने जैसी सामाजिक बुराइयों पर जागरूकता फैलाने का प्रयास किया। इसके साथ ही उन्होंने इंसानियत, दूसरों की मदद करने की भावना, जीवन के संघर्ष, सच्चाई के रास्ते पर चलने और देश के सैनिकों के बलिदान को भी अपने अभिनय के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में बच्चों ने अल्लाह के बताए हुए सच्चे रास्ते पर चलने और जीवन को सही दिशा में जीने का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम का संचालन स्कूल की शिक्षिका सना हयात और मौलाना माज साहब ने बेहद खूबसूरती से किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मोहम्मद साजिद साहब (अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट/अपर सिविल जज, आगरा) मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तहसीन अली असारवी ने कहा कि शिक्षा वह शक्ति है जो इंसान को अज्ञानता के अंधकार से निकालकर रोशनी की ओर ले जाती है। उन्होंने कहा कि जहां शिक्षा के साथ अच्छी परवरिश दी जाती है, वहां से निकलने वाले बच्चे समाज के लिए एक मिसाल बनते हैं।
मुख्य अतिथि जज साजिद साहब ने अपने संबोधन में कहा कि आज के यही बच्चे कल के डॉक्टर, इंजीनियर और प्रोफेसर बनेंगे। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दें और उन्हें पर्याप्त समय दें। डॉक्टर अनीस साहब ने भी स्कूल की सराहना करते हुए कहा कि यहां बच्चों को बेहतरीन शिक्षा दी जा रही है और इसके लिए उन्होंने प्रिंसिपल जावेद साहब को बधाई दी।
हाशिम चौधरी (बिलासपुर) ने अपने विचार रखते हुए कहा कि शेरनगर में अच्छे पब्लिक स्कूल तो हैं, लेकिन एक इंटर कॉलेज की कमी है, जिसे जल्द पूरा किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया, जिनमें तहसीन अली असारवी, आशु चौधरी, साजिद फौजी, इरफान चौधरी, डॉ. अनीस, मास्टर रियाज, कारी मुबीन, मास्टर मोमिन, मशाहिद कुरैशी, मास्टर रिजवान, मास्टर शहजाद, मुहम्मद चौधरी, मास्टर उस्मान सहित अनेक लोग शामिल रहे। इसके अलावा गांव के कई जिम्मेदार लोगों जैसे तौसीफ चौधरी, इनाम चौधरी, यामीन चौधरी, हाजी रहम अली, हाजी शहाबुद्दीन, अदिल चौधरी, चौधरी हुसनदीन, मौलाना ताज मोहम्मद और शाहूद चौधरी आदि की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम के अंत में स्कूल के प्रबंधक कुतुबुद्दीन चौधरी और प्रिंसिपल मोहम्मद जावेद ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और ग्रामवासियों का दिल से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में मिले सहयोग के कारण ही यह संस्थान आगे बढ़ पाया है। साथ ही उन्होंने बच्चों को मेहनत और लगन से पढ़ाई करने की प्रेरणा देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की, ताकि वे आगे चलकर अपने गांव, समाज और देश का नाम रोशन कर सकें।

