हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। देर रात नशे की हालत में पहुंचे तथाकथित “एक-47 गैंग” के करीब आधा दर्जन गुंडों ने एक होटल संचालक के साथ बेरहमी से मारपीट की। यह पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे मामले की गंभीरता और भी बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, ये लोग देर रात होटल पहुंचे और खाना मांगने लगे। होटल संचालक ने गैस खत्म होने के कारण खाना उपलब्ध न होने की बात कही। बस इसी बात पर आरोपी भड़क उठे और संचालक को दौड़ा-दौड़ा कर पीटना शुरू कर दिया। आरोपियों ने उसे लात-घूसों से जमीन पर गिराकर बुरी तरह मारपीट की।
हैरानी की बात यह रही कि जब होटल में ठहरे कुछ ग्राहकों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो गुंडों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और उनके साथ भी मारपीट की। इस घटना ने न सिर्फ इलाके में दहशत फैला दी है, बल्कि पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि आरोपी खुलेआम पुलिस के इकबाल को चुनौती देते नजर आए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है। यह घटना क्षेत्र में बढ़ती गुंडागर्दी और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

