Thursday, October 1, 2026

रामपुर में भीषण सड़क हादसा: दंपति की मौके पर मौत।

उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जिसने एक परिवार को पूरी तरह से उजाड़ दिया। मामला शाहाबाद थाना क्षेत्र का है, जहां तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार पति-पत्नी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक दंपति शाहाबाद से बाइक के जरिए मुरादाबाद जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामपुर जिला अस्पताल भेज दिया। इस घटना के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक के परिजन विक्की ने बताया कि उनके चाचा और चाची इस हादसे का शिकार हुए हैं। उन्होंने बताया कि कार ने पीछे से टक्कर मारी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। लगातार हो रहे सड़क हादसे एक बार फिर यातायात नियमों और जागरूकता पर सवाल खड़े कर रहे हैं। तेज रफ्तार और लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ रही है।

Latest news
Related news