मुजफ्फरनगर के सदर ब्लॉक की ग्राम पंचायत शेरपुर स्थित मदरसा दारुल उलूम रफीकिया एक बार फिर धार्मिक माहौल और अपनी दीनी सेवाओं को लेकर चर्चा में है। रमज़ान के मुकद्दस महीने की 28वीं शब को यहां तरावीह के दौरान पूरे एहतराम और अकीदत के साथ कुरान पाक मुकम्मल किया गया। इस खास मौके पर मदरसे में बड़ी संख्या में नमाज़ियों और अकीदतमंदों की मौजूदगी रही, जिससे पूरा माहौल इबादत, रूहानियत और नूर से सराबोर हो गया।
तरावीह के दौरान हाफिज-ए-कुरान ने खूबसूरत तिलावत के साथ मुकम्मल कुरान सुनाया। जैसे ही कुरान मुकम्मल हुआ, पूरे माहौल में भावुकता और सुकून का अहसास देखने को मिला। इसके बाद मुफ्ती अकमल साहब ने खुसूसी दुआ कराई, जिसमें मुल्क की सलामती, अमन-चैन, आपसी भाईचारे और इंसानियत की बेहतरी के लिए हाथ उठाए गए। नमाज़ियों ने अपने गुनाहों की माफी, बेहतर जिंदगी और समाज में मोहब्बत कायम रहने की दुआ मांगी।
इस मौके पर मदरसे के जिम्मेदार मौलाना नाजिम करीम कासमी ने रमज़ान की अहमियत पर रोशनी डालते हुए कहा कि यह महीना रहमत, बरकत और जहन्नम से निजात का महीना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सिर्फ इबादत तक सीमित न रहें, बल्कि समाज में एकता, भाईचारे और इंसानियत को मजबूत करने का काम भी करें।
कार्यक्रम के अंत में सभी लोगों ने एक-दूसरे को कुरान मुकम्मल होने की मुबारकबाद दी और देश में शांति और सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया। यह आयोजन न सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का मजबूत संदेश भी देकर गया।
मदरसा पहले भी बना था चर्चा का केंद्र
गौरतलब है कि मदरसा दारुल उलूम रफीकिया इससे पहले भी सुर्खियों में रह चुका है। यहां महज 9 साल की उम्र में एक बच्चे ने कुरान मुकम्मल कर हाफिज का मुकाम हासिल किया था, जिसने पूरे इलाके में चर्चा बटोरी थी। इस उपलब्धि ने न सिर्फ मदरसे का नाम रोशन किया, बल्कि दीनी तालीम के प्रति लोगों का भरोसा भी मजबूत किया।
दीनी के साथ दुनियावी तालीम पर भी जोर
मदरसे की खास बात यह है कि यहां सिर्फ दीनी तालीम ही नहीं, बल्कि बच्चों को दुनियावी शिक्षा पर भी बराबर ध्यान दिया जा रहा है। मदरसे की पूरी टीम मेहनत और लगन के साथ बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने में जुटी हुई है।
कुल मिलाकर, शेरपुर का यह मदरसा आज के दौर में धार्मिक शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी और इंसानियत का भी मजबूत संदेश दे रहा है, जो क्षेत्र में एक सकारात्मक मिसाल बनकर उभर रहा है।
जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

