Thursday, October 1, 2026

नोरा फतेही के गाने पर बवाल: मेरठ में विरोध, अश्लीलता के आरोप।




बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही का नया आइटम सॉन्ग ‘सरके चुनर तेरी सरके’ इन दिनों बड़े विवाद में घिर गया है। यह गाना फिल्म KD: The Devil से रिलीज हुआ है और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के साथ ही लोगों के गुस्से का कारण बन गया है।

उत्तर प्रदेश के मेरठ में इस गाने को लेकर विरोध प्रदर्शन भी देखने को मिला। नाराज़ लोगों ने एसएसपी ऑफिस पहुंचकर “बॉलीवुड मुर्दाबाद” के नारे लगाए और गाने पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि गाने के लिरिक्स और डांस मूव्स बेहद अश्लील हैं, जो समाज पर गलत प्रभाव डालते हैं।

इस गाने को लेकर सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई यूजर्स ने इसे “अश्लीलता की हद पार करने वाला” बताया है। वहीं मशहूर सिंगर अरमान मलिक ने भी इस पर खुलकर नाराज़गी जताई। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि “कमर्शियल सॉन्गराइटिंग ने एक नया निचला स्तर छू लिया है।” उन्होंने यह भी कहा कि जब यह गाना उनकी टाइमलाइन पर आया तो उन्हें दोबारा सुनना पड़ा कि क्या वे सही सुन रहे हैं। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि काश वे इसे अनसुना कर पाते।

गाने की वीडियो थीम भी विवाद की वजह बन रही है। इसमें डांस बार जैसी सेटिंग दिखाई गई है, जहां नोरा फतेही बैकअप डांसर्स के साथ परफॉर्म करती नजर आती हैं। वीडियो में संजय दत्त की मौजूदगी भी देखी गई है। पहले जारी प्रोमो में नोरा को घाघरा-चोली में भीड़ के बीच डांस करते दिखाया गया था, जबकि पूरे लिरिकल वीडियो के सामने आने के बाद गाने के शब्दों पर ज्यादा ध्यान गया, जिन्हें लोग डबल मीनिंग और आपत्तिजनक बता रहे हैं।

फिलहाल इस मामले ने तूल पकड़ लिया है और यह बहस तेज हो गई है कि मनोरंजन के नाम पर किस हद तक कंटेंट दिखाया जाना सही है। स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों पर अब कार्रवाई का दबाव बढ़ता जा रहा है।

Latest news
Related news