Thursday, October 1, 2026

मुठभेड़ में 15 हजार का इनामी गौकश घायल, साथी समेत गिरफ्तार।

मुजफ्फरनगर। थाना नई मंडी क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 15 हजार रुपये का इनामी गौकश घायल हो गया, जबकि उसके साथी को पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से गौकशी के उपकरण, अवैध तमंचे और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार शनिवार (15 मार्च) को थाना नई मंडी पुलिस सिसौना पुलिया के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बागोंवाली की तरफ से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों संदिग्ध रुकने के बजाय बाइक को रजवाहे की ओर मोड़कर तेजी से भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर तेज रफ्तार और बारिश के कारण रास्ता गीला होने से मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई।

इसके बाद दोनों बदमाश बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने बदमाशों को आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन उन्होंने फायरिंग जारी रखी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की।

जवाबी कार्रवाई में महबूब पुत्र महमूद निवासी मदीना कॉलोनी, थाना सिविल लाइन गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी नरेश पुत्र दिलेराम निवासी ग्राम रसूलपुर, थाना चरथावल को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने मौके से गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद उपकरणों में दो छुरी, एक कुल्हाड़ी, लकड़ी का गुटका, एक पल्ली और रस्सी के टुकड़े शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार घायल आरोपी महबूब थाना नई मंडी में दर्ज गौवध अधिनियम के दो मामलों में वांछित चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसके खिलाफ मुजफ्फरनगर और सहारनपुर के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास सहित एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

वहीं गिरफ्तार आरोपी नरेश के खिलाफ भी आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और अन्य आपराधिक मामलों के करीब 17 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

पूरी कार्रवाई थाना नई मंडी प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट।

Latest news
Related news