मुजफ्फरनगर। जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बीच प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव ने शनिवार को मेरठ रोड स्थित विकास भवन में अधिकारियों के साथ एक अहम समीक्षा बैठक की। बैठक में गैस आपूर्ति की मौजूदा स्थिति, उपभोक्ताओं को हो रही परेशानी और वितरण व्यवस्था में आ रही अनियमितताओं पर गंभीर चर्चा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, जिला पूर्ति अधिकारी ओम हरी उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी देशभूषण कमल किशोर कण्डारकर तथा सिटी मजिस्ट्रेट पंकज सिंह राठौर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने अधिकारियों से स्पष्ट तौर पर कहा कि जनपद में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में देरी और वितरण प्रणाली में गड़बड़ी की लगातार शिकायतें मिल रही हैं, जो बेहद गंभीर विषय है।
मंत्री कपिल देव ने गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि आम लोगों को गैस जैसी जरूरी सुविधा के लिए घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है, जो किसी भी हालत में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गैस वितरण व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी, व्यवस्थित और समयबद्ध बनाया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मंत्री ने यह भी कहा कि गैस एजेंसियों की गतिविधियों पर नियमित निगरानी रखी जाए और उपभोक्ताओं की शिकायतों का तुरंत समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि गैस आपूर्ति जैसी आवश्यक सेवा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान मंत्री ने गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और ब्लैक मार्केटिंग की शिकायतों को भी गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जमाखोरी करने वाले और कालाबाजारी में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को सही कीमत पर समय से गैस मिल सके।
इस दौरान जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने मंत्री को भरोसा दिलाया कि प्रशासन द्वारा गैस आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि संबंधित गैस एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं और व्यवस्था की निगरानी लगातार की जा रही है।
वहीं जिला पूर्ति अधिकारी ओम हरी उपाध्याय ने कहा कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की जा रही है। यदि किसी एजेंसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के अंत में अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करेंगे और गैस आपूर्ति व्यवस्था को जल्द सुधारने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि जनपद की जनता को जल्द राहत मिल सके।
जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

