गैस किल्लत और महंगाई पर ‘आप’ का हल्लाबोल, कलेक्ट्रेट घेरा।
खबर उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर से है।
देश में बढ़ती महंगाई और रसोई गैस की किल्लत को लेकर शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने मुजफ्फरनगर जिला कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंचे और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के बाद महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा गया। यह विरोध प्रदर्शन राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आह्वान पर किया गया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे आप के जिलाध्यक्ष अरविन्द बालियान ने कहा कि हाल ही में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में करीब 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर में 120 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। इससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ गया है। उन्होंने कहा कि पहले ही महंगाई से जूझ रही जनता के लिए अब रसोई चलाना भी मुश्किल होता जा रहा है। कई जगहों पर गैस की किल्लत के कारण लोगों को एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है।
पार्टी के जिला महासचिव अजय चौधरी ने कहा कि गैस की कमी और बढ़ती कीमतों का असर केवल घरों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि होटल, ढाबा, रेस्तरां और स्ट्रीट फूड से जुड़े छोटे कारोबारियों पर भी गहरा संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि गैस महंगी होने और सप्लाई प्रभावित होने से छोटे व्यापारियों का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है, जिससे रोजगार पर भी खतरा मंडरा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव का सीधा असर देश की जनता पर डाला जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण देश को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और इसका बोझ महंगाई के रूप में आम लोगों को झेलना पड़ रहा है।
आम आदमी पार्टी ने सरकार के सामने कई मांगें भी रखीं। पार्टी का कहना है कि घरेलू एलपीजी गैस के दामों में की गई हालिया बढ़ोतरी को तुरंत वापस लिया जाए। पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए पारदर्शी नीति बनाई जाए और गरीब व मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी दी जाए। साथ ही महंगाई पर नियंत्रण के लिए केंद्र सरकार को स्पष्ट और जवाबदेह नीति घोषित करनी चाहिए।
पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही महंगाई और गैस संकट पर ठोस कदम नहीं उठाए तो आम आदमी पार्टी इस मुद्दे पर देशव्यापी जन आंदोलन तेज करेगी।
इस दौरान वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष कुलदीप तोमर, अनुराग अहलावत, संजीव मान, मनोज कुमार, शिवा सिंघल, अजय चौधरी, सुशील अहलावत सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने जनता से जुड़ी समस्याओं को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

