Thursday, October 1, 2026

एसएसपी का अचानक छापा, पुलिस कार्यालय में मचा हड़कंप।

जनपद मुजफ्फरनगर के पुलिस कार्यालय में गुरुवार दोपहर उस समय अचानक हलचल मच गई, जब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बिना किसी पूर्व सूचना के औचक निरीक्षण कर दिया। दोपहर करीब एक बजे एसएसपी सीधे पुलिस कार्यालय पहुंच गए और एक-एक शाखा का बारीकी से निरीक्षण शुरू कर दिया। उनके अचानक पहुंचने से कार्यालय में मौजूद अधिकारी और कर्मचारी तुरंत सतर्क हो गए।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने विभिन्न कार्यालयों में रखे रिकॉर्ड, फाइलों के रखरखाव, साफ-सफाई और कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की। उन्होंने यह भी देखा कि कार्यालयों में आने वाली जनता की शिकायतों का निस्तारण किस प्रकार किया जा रहा है। जहां कहीं भी व्यवस्था में कमी दिखाई दी, वहां उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को कड़ी हिदायत दी।

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने हाल ही में बनाए गए पुलिस कैफे (पुलिस कैंटीन) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कैफे में उपलब्ध खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और कीमतों की जानकारी ली। कैफे में मौजूद स्टाफ और पुलिसकर्मियों से बातचीत करते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पुलिस कर्मियों को मिलने वाला भोजन पूरी तरह ताजा, स्वच्छ और उचित मूल्य पर होना चाहिए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया गुणवत्ता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कार्यालयों में अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य जनता की सुरक्षा और उनकी समस्याओं का समाधान करना है, इसलिए कार्यालयों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ व्यवहार किया जाए।

अचानक हुए इस निरीक्षण से पूरे पुलिस कार्यालय में कुछ समय तक हड़कंप की स्थिति बनी रही। कई कर्मचारी अपनी-अपनी सीटों पर फाइलों को व्यवस्थित करते नजर आए। एसएसपी ने सभी को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के अंत में एसएसपी ने कहा कि व्यवस्था में सुधार दिखाई दे रहा है, लेकिन अभी भी कई चीजों को और बेहतर करने की जरूरत है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यालयों की व्यवस्था, रिकॉर्ड प्रबंधन और जनसुनवाई की प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाया जाए, ताकि पुलिस कार्यालय आने वाली जनता को बेहतर सुविधा मिल सके।

जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

Latest news
Related news