Thursday, October 1, 2026

नोएडा सेक्टर-4 की फैक्टरी में भीषण आग, फायर विभाग ने कई लोगों को सुरक्षित निकाला।

नोएडा: थाना फेज-1 क्षेत्र के सेक्टर-4 स्थित एक फैक्टरी में गुरुवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर विभाग की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।

जानकारी के अनुसार जिस फैक्टरी में आग लगी है वहां बिजली के मीटर बनाने का काम किया जाता है। आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्टरी के अंदर काम कर रहे कई लोग उसमें फंस गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर विभाग की टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

फायर कर्मियों ने मौके पर पहुंचते ही आग पर काबू पाने के लिए कई गाड़ियों से पानी की बौछार शुरू की। आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। धुएं और लपटों के कारण आसपास के इलाके में भी दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल के आसपास जमा हो गए।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। आशंका जताई जा रही है कि आग किसी तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट के कारण लगी हो सकती है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

फिलहाल राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की खबर नहीं है। फायर विभाग की टीम आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटी हुई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर मौजूद है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Latest news
Related news