मुज़फ्फरनगर। जनपद के नई मंडी थाना क्षेत्र के गांव बागोवाली में उस समय हड़कंप मच गया जब डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) नोएडा की टीम एक युवक को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई देश में चल रही सोने की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क की जांच से जुड़ी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार बागोवाली निवासी मोहम्मद मियां पुत्र शौकत को DRI की टीम ने हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए साथ ले लिया। सूत्रों का कहना है कि हाल ही में मुंबई में सोने की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ हुआ था। उस कार्रवाई में एजेंसियों ने भारी मात्रा में तस्करी का सोना बरामद किया था और गिरोह से जुड़े कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
जांच के दौरान इस गिरोह के देश के कई शहरों में फैले नेटवर्क का खुलासा हुआ। बताया जा रहा है कि जांच में कुछ ऐसे संपर्क सामने आए जिनसे मुज़फ्फरनगर जिले के बागोवाली गांव के युवक का नाम भी सामने आया। इसी आधार पर DRI नोएडा की टीम ने उसे पूछताछ के लिए अपने साथ ले जाकर मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार तस्करी का यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था और विदेशों से सोना अवैध तरीके से भारत लाकर विभिन्न शहरों में सप्लाई किया जाता था। मुंबई में हुई कार्रवाई के बाद अब जांच एजेंसियां गिरोह के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हैं और उससे जुड़े हर व्यक्ति की भूमिका की जांच की जा रही है।
गांव से युवक को ले जाने की सूचना मिलते ही बागोवाली और आसपास के इलाकों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। स्थानीय लोगों में भी इस मामले को लेकर उत्सुकता और चिंता का माहौल बना हुआ है।
हालांकि अभी तक DRI या स्थानीय पुलिस प्रशासन की ओर से इस कार्रवाई की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। जांच एजेंसियां पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने और गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों का पता लगाने में लगी हुई हैं। माना जा रहा है कि पूछताछ के बाद इस मामले में और भी बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं।

