Thursday, October 1, 2026

रॉयल नेस्ट सोसाइटी में गिरी छत, बाल-बाल बची युवक की जान।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट:
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हाईराइज सोसाइटियों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। रॉयल नेस्ट सोसाइटी के एक फ्लैट में अचानक कमरे की छत का प्लास्टर भरभराकर नीचे गिर गया। घटना के समय कमरे में एक युवक बैठकर अपना ऑफिस का काम कर रहा था। गनीमत रही कि युवक मलबे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया, लेकिन हादसे में उसका लैपटॉप और मोबाइल फोन पूरी तरह टूट गए।

मिली जानकारी के अनुसार, युवक अपने कमरे में टेबल पर बैठकर काम कर रहा था, तभी अचानक छत के प्लास्टर का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिर पड़ा। प्लास्टर सीधे उस टेबल पर गिरा जहां युवक का लैपटॉप और मोबाइल रखा हुआ था। अचानक हुए इस हादसे से युवक घबरा गया और कमरे में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि युवक को किसी तरह की शारीरिक चोट नहीं आई, लेकिन उसके महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे के तुरंत बाद पीड़ित युवक ने कमरे की स्थिति का वीडियो बनाकर अपनी आपबीती बताई। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि छत का बड़ा हिस्सा टूटकर कमरे में बिखरा पड़ा है और टेबल पर रखा सामान पूरी तरह मलबे में दबा हुआ है। युवक ने वीडियो के माध्यम से बिल्डर के निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं और कहा है कि अगर वह कुछ सेकंड भी अपनी जगह से न हटता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसे देखने के बाद सोसाइटी में रहने वाले लोगों में भी डर का माहौल बन गया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि अगर नई इमारतों में ही इस तरह की घटनाएं हो रही हैं तो वहां रहने वाले लोगों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।

फिलहाल इस घटना के बाद सोसाइटी में रहने वाले लोगों ने बिल्डर से निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं यह हादसा एक बार फिर हाईराइज सोसाइटियों के निर्माण में बरती जा रही लापरवाही और घटिया सामग्री के इस्तेमाल की आशंका को उजागर करता है।

Latest news
Related news