जनपद मुजफ्फरनगर के दिल्ली–देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित गांव बढेड़ी में रविवार को खेल और युवा शक्ति को समर्पित एक भव्य कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता फिरोजाबाद में तैनात एएसपी एवं अर्जुन अवॉर्डी पहलवान अनुज चौधरी द्वारा अपने गांव में युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने के उद्देश्य से ओलिम्पियन अनुज इंटरनेशनल ट्रस्ट के माध्यम से आयोजित कराई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के रिटायर्ड डीजीपी डॉ. डी.एस. चौहान, एसएसपी मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा, एएसपी अनुज चौधरी तथा सदर ब्लॉक प्रमुख पति अमित चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
गांव बढेड़ी में आयोजित इस प्रतियोगिता में दूर-दराज क्षेत्रों से आए पहलवानों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों व खेल प्रेमियों की मौजूदगी ने आयोजन को विशेष बना दिया। प्रतियोगिता के दौरान दांव-पेच और ताकत के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों का भरपूर उत्साह बढ़ाया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना बताया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी डॉ. डी.एस. चौहान ने कहा कि आज के दौर में युवाओं के सामने कई तरह की चुनौतियां हैं। ऐसे समय में खेल ही वह माध्यम है जो युवाओं को अनुशासन, मेहनत और स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखाता है। उन्होंने कहा कि माता-पिता को भी अपने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों के लिए प्रेरित करना चाहिए, क्योंकि खिलाड़ी हमेशा नशे और बुरी आदतों से दूर रहते हैं। उन्होंने एएसपी अनुज चौधरी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं के लिए इतने बड़े स्तर पर कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित करना समाज के लिए प्रेरणादायक कदम है।
एएसपी अनुज चौधरी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उनका सपना है कि गांव और क्षेत्र के युवा खेलों में आगे बढ़ें और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि गांवों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल सही मंच और प्रोत्साहन की होती है। इसी सोच के साथ उन्होंने अपने गांव बढेड़ी में इस प्रतियोगिता का आयोजन कराया है, ताकि युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।
उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज इंटरनेट और सोशल मीडिया के कारण कई बार युवा गलत दिशा में भटक जाते हैं। खेल ही वह माध्यम है जो उन्हें अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच देता है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में कम उम्र के बच्चे भी धूम्रपान और शराब जैसी बुरी आदतों की ओर बढ़ रहे हैं, जो समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। ऐसे में खेलों को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है, ताकि युवा अपने शरीर को स्वस्थ रखें और देश के लिए पदक जीतने का सपना देखें।
कार्यक्रम में पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि एएसपी अनुज चौधरी ने अपने गांव बढेड़ी और जनपद मुजफ्फरनगर का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अनुज चौधरी जैसे खिलाड़ियों से प्रेरणा लेनी चाहिए और कुश्ती जैसे पारंपरिक खेलों में आगे बढ़कर देश के लिए गौरव हासिल करना चाहिए।
प्रतियोगिता के दौरान कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। उद्घाटन मुकाबला 48 किलोग्राम भार वर्ग में आरिश छपरौली और अक्षित भुम्मा के बीच हुआ, जिसमें आरिश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अक्षित को चित कर जीत दर्ज की। इसके बाद हुए मुकाबलों में अंकुश बसेड़ा ने सावेज को पराजित किया, जबकि अनश ने आदित्य को हराया। एक अन्य मुकाबले में अंश ने मयंक बघरा को मात देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। खिलाड़ियों के दमदार दांव-पेच और जोश ने प्रतियोगिता को बेहद रोमांचक बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ती है और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। प्रतियोगिता में आसपास के कई जिलों से आए पहलवानों ने भाग लिया और खेल भावना का परिचय दिया।
गांव बढेड़ी में आयोजित इस भव्य कुश्ती प्रतियोगिता ने यह संदेश दिया कि अगर युवाओं को सही दिशा और मंच मिले तो वे न केवल अपने क्षेत्र बल्कि पूरे देश का नाम रोशन कर सकते हैं। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, खेल प्रेमी और युवा मौजूद रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेल भावना का समर्थन किया।
जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट।

