Thursday, October 1, 2026

खुले नाले में गिरी बाइक, दो बच्चों सहित हादसा—सीसीटीवी में कैद लापरवाही।

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के पिलखुवा क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने नगर पालिका की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिलखुवा के मैंन बाजार में खुले पड़े एक गहरे नाले में एक बाइक सवार अपने दो बच्चों सहित गिर गया। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार युवक अपने दो बच्चों को लेकर पिलखुवा के मुख्य बाजार से गुजर रहा था। इसी दौरान सड़क के बीचों-बीच खुले पड़े नाले के पास बाइक अचानक असंतुलित हो गई और युवक अपने दोनों बच्चों समेत सीधे नाले में जा गिरा। नाला काफी गहरा बताया जा रहा है, जिससे कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना को देखकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। लोगों ने बिना देर किए राहत और बचाव कार्य शुरू किया और युवक व उसके दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गनीमत रही कि तीनों नाले की ज्यादा गहराई तक नहीं जा पाए और समय रहते उन्हें बचा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

हादसे की पूरी घटना मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ दिखाई दे रही है। वीडियो में देखा जा सकता है कि सड़क के बीचों-बीच खुला नाला है और बाइक सवार अचानक संतुलन खोकर बच्चों सहित उसमें गिर जाता है।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में पिलखुवा नगर पालिका परिषद के खिलाफ भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि इलाके में कई जगह नाले खुले पड़े हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। ऐसे में आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी बार-बार शिकायतों के बावजूद इस समस्या को नजरअंदाज कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते खुले नालों को ढका जाता और सुरक्षा के इंतजाम किए जाते तो यह हादसा टाला जा सकता था।

घटना सामने आने के बाद क्षेत्र के लोगों ने पिलखुवा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही खुले नालों की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में इससे भी बड़े हादसे हो सकते हैं।

Latest news
Related news