गाजियाबाद के मुरादनगर थाना क्षेत्र के मलिकनगर इलाके में सोमवार को मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। एक ही परिवार से जुड़े दो पक्षों के बीच शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से ईंट-पत्थर चलने लगे। इस पथराव में दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत दोनों पक्षों के बच्चों के बीच हुए झगड़े से हुई थी। बच्चों की कहासुनी धीरे-धीरे बढ़ती गई और मामला बड़ों तक पहुंच गया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते कहासुनी मारपीट और पथराव में बदल गई।
बताया जा रहा है कि इलाके में पौधों की सुरक्षा के लिए लाई गई ईंटों का इस्तेमाल ही झगड़े के दौरान एक-दूसरे पर फेंकने में किया गया। दोनों तरफ से हुई इस पथराव में कई लोग चोटिल हो गए। आसपास के लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया और मामले की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही मुरादनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में दोनों पक्षों के कुल 13 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि करीब 20 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते विवाद को शांत नहीं कराया जाता तो मामला और बड़ा रूप ले सकता था। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

