नोएडा में टी-20 वर्ल्डकप के सेमीफाइनल मैच पर ऑनलाइन सट्टेबाजी चलाने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। थाना सेक्टर-113 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गैंग के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपी भारत और इंग्लैंड के सेमीफाइनल मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगवा रहे थे।
पुलिस के मुताबिक आरोपी सेक्टर-113 इलाके की एक हाईराइज सोसाइटी में फ्लैट किराए पर लेकर अपना सट्टा नेटवर्क चला रहे थे। गैंग ने करीब डेढ़ महीने पहले यह फ्लैट किराए पर लिया था और यहीं से पूरे नेटवर्क को ऑपरेट किया जा रहा था। पुलिस को गुप्त सूचना मिलने के बाद टीम ने छापा मारकर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनय सहगल, नवदीप, राजीव शर्मा, शलील सेठ और देव कुमार के रूप में हुई है। पुलिस की छापेमारी के दौरान मौके से बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए गए। इनमें 3 लैपटॉप, 3 टैबलेट, 32 मोबाइल फोन, एक प्रिंटर और अन्य डिजिटल उपकरण शामिल हैं, जिनका इस्तेमाल सट्टेबाजी के पूरे नेटवर्क को संचालित करने में किया जा रहा था।
पुलिस का कहना है कि ये आरोपी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और मोबाइल फोन के जरिए लोगों से संपर्क कर क्रिकेट मैच पर सट्टा लगवा रहे थे। इसके लिए अलग-अलग मोबाइल नंबर और डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल किया जा रहा था ताकि पुलिस से बचा जा सके।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही उनके बैंक खातों की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि सट्टेबाजी के जरिए कितना पैसा लेन-देन हुआ और इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। पुलिस का मानना है कि इस गिरोह के तार दूसरे शहरों और बड़े सट्टा नेटवर्क से भी जुड़े हो सकते हैं।
नोएडा पुलिस अब इस पूरे सट्टा नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में भी जुटी हुई है।

