अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में नेशनल हाईवे-9 पर उस समय बड़ा हादसा टल गया जब एक चलती कार अचानक आग का गोला बन गई। कार में एक ही परिवार के करीब 10 लोग सवार थे, जिनमें मासूम बच्चे भी शामिल थे। गनीमत रही कि समय रहते सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए और किसी की जान नहीं गई।
जानकारी के अनुसार शाहजहांपुर से दिल्ली जा रहा एक परिवार कार से यात्रा कर रहा था। जैसे ही कार डिडौली कोतवाली क्षेत्र के चौधरपुर गांव के पास अग्लो एक्सपोर्ट फर्म के नजदीक पहुंची, तभी अचानक कार में शॉर्ट सर्किट हो गया। शॉर्ट सर्किट होते ही कार में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते कार आग के गोले में बदलने लगी।
कार में आग लगते ही उसमें सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई। उसी समय नेशनल हाईवे पर गश्त कर रहे जीवाई चौकी इंचार्ज की नजर कार से उठते धुएं और आग पर पड़ी। उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर सूझबूझ दिखाते हुए कार में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकलवाया। उनकी तत्परता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और परिवार के सभी सदस्य बाल-बाल बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और राहत व बचाव कार्य शुरू कराया। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन कार पूरी तरह नष्ट हो गई।
बताया जा रहा है कि कार में सवार परिवार दिल्ली जा रहा था। अगर समय रहते सभी लोग बाहर नहीं निकलते तो यह घटना बड़े हादसे में बदल सकती थी। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
BYTE: सुनील (कार सवार)
“हम लोग शाहजहांपुर से दिल्ली जा रहे थे। अचानक कार से धुआं निकलने लगा और कुछ ही पल में आग लग गई। हम लोग घबरा गए थे, लेकिन पुलिस ने तुरंत आकर हमें बाहर निकलवा दिया। अगर थोड़ी देर हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।”

