ग्रेटर नोएडा में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब रोडवेज की एक चलती बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग बस के आगे वाले हिस्से में लगी और देखते ही देखते लपटें तेज होने लगीं। घटना ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र में रेडिएशन ब्लू होटल के पास की बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि बस में उस समय कई यात्री सवार थे। जैसे ही बस के आगे से धुआं और आग की लपटें निकलती दिखीं, बस में बैठे यात्रियों में घबराहट फैल गई। हालांकि ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बस को रोका और सभी यात्रियों को जल्दी-जल्दी नीचे उतरने के लिए कहा। ड्राइवर की तत्परता की वजह से बस में सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए और एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार बस में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। आग लगने के बाद कुछ ही देर में बस के आगे का हिस्सा बुरी तरह जलने लगा। स्थानीय लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर यात्रियों की मदद की और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन बस का आगे का हिस्सा आग की चपेट में आकर काफी क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं और आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं और एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

