मेरठ। जानी थाना क्षेत्र से एक 24 वर्षीय रिक्शा चालक के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। बेटे के अचानक गायब हो जाने के बाद उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है। पीड़ित मां न्याय की गुहार लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंची, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से वह बेहद परेशान और बेबस नजर आ रही है।
पीड़िता मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित गोविंदपुरी, मकान नंबर 106 की रहने वाली है। महिला ने बताया कि उसका 24 वर्षीय बेटा आकाश, जो रिक्शा चलाकर प्रतिदिन करीब 200 से 400 रुपये कमाकर परिवार का गुजारा करता था, 17 तारीख से अचानक लापता हो गया है।
महिला के अनुसार, 17 तारीख को आकाश घर से काम पर जाने के लिए निकला था। इसी दौरान उसकी फोन पर आखिरी बार बात हुई। बातचीत के दौरान फोन पर घबराई हुई आवाज सुनाई दी, जिसमें आकाश बार-बार कह रहा था, “तुमने मुझे यह क्या खिला दिया?” और वह लगातार “कल” नाम के व्यक्ति का जिक्र करता रहा।
परिजनों का आरोप है कि कल नाम का व्यक्ति, जो कंकरखेड़ा का ही रहने वाला बताया जा रहा है और ऑटो चालक है, उससे आकाश का किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पीड़िता का कहना है कि आखिरी बातचीत में उसके बेटे ने बताया था कि कल नाम के व्यक्ति ने उसे बुरी तरह पीटा है। इसके बाद से आकाश का मोबाइल फोन बंद हो गया और तब से उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
मां का आरोप है कि बेटे के लापता होने के बाद वह लगातार पुलिस और प्रशासन के चक्कर काट रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसी वजह से वह न्याय की उम्मीद लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंची और अपने बेटे को ढूंढने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित मां का कहना है कि उसका बेटा ही परिवार का सहारा था। अब उसके लापता होने से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द बेटे का पता लगाने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की अपील की है।
फिलहाल यह मामला जानी थाना क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जानकारी लेकर जांच की जा रही है। वहीं परिजन अपने बेटे की सलामती की दुआ करते हुए जल्द से जल्द उसे खोजने की मांग कर रहे हैं।

