जौनपुर शहर के कोतवाली क्षेत्र में स्थित भंडारी रेलवे स्टेशन के पीछे क़दम रसूल छोटी लाइन इमामबाड़े में बुधवार को कुछ अराजक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने से इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और इमामबाड़े की स्थिति देखकर आक्रोशित हो उठे।
जानकारी के मुताबिक, शरारती तत्व इमामबाड़े का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और वहां तोड़फोड़ की। जब लोगों को इसकी जानकारी मिली तो देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई। हालात को बिगड़ता देख किसी ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस फोर्स तुरंत मौके पर पहुंच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई सर्किल के सीओ, एएसपी ग्रामीण समेत प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर किसी तरह स्थिति को शांत कराया और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में काफी नाराज़गी देखी गई। शिया धर्मगुरु मौलाना महफूज़ुल हसन खान ने कहा कि यह घटना जौनपुर के शांतिपूर्ण माहौल को खराब करने की साजिश के तहत की गई है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

