मुजफ्फरनगर अलर्ट पर, 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय
मुजफ्फरनगर। ईरान में बने युद्ध जैसे हालातों के बीच जनपद मुजफ्फरनगर में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। विदेशों, विशेषकर संवेदनशील देशों में रह रहे मुजफ्फरनगर के नागरिकों की सुरक्षा को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर स्थापित कर दिया गया है। जिला प्रशासन का यह कदम उन परिवारों की चिंता को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है, जिनके परिजन वर्तमान में ईरान या अन्य प्रभावित देशों में मौजूद हैं।
जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार हेल्पलाइन नंबर 9412210080, 0131-2436918 तथा राहत टोल फ्री नंबर 1077 तत्काल प्रभाव से सक्रिय कर दिए गए हैं। इन नंबरों पर संपर्क कर परिजन अपने संबंधी का नाम, वर्तमान लोकेशन और अन्य आवश्यक जानकारी साझा कर सकते हैं। प्राप्त सूचनाओं को संकलित कर शासन स्तर पर भेजा जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर विदेश मंत्रालय और संबंधित एजेंसियों से समन्वय स्थापित कर त्वरित सहायता सुनिश्चित की जा सके।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गजेंद्र कुमार स्वयं इस पूरे ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कंट्रोल रूम 24 घंटे संचालित रहेगा और हर सूचना को गंभीरता से लेकर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। एडीएम गजेंद्र कुमार ने जनपदवासियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से ही संपर्क करें।
संकट की इस घड़ी में मुजफ्फरनगर प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ हर नागरिक के साथ खड़ा है। सतर्कता, संयम और सही सूचना के जरिए ही किसी भी चुनौती का मजबूती से सामना किया जा सकता है।
जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट।

