खबर पश्चिमी यूपी के जनपद मुजफ्फरनगर से है।
मुजफ्फरनगर में देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब थाना सिविल लाइन क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो हथियार तस्कर घायल हो गए। घायलों में कुख्यात विक्की त्यागी का बेटा रक्षित त्यागी भी शामिल है, जिसे पुलिस की गोली लगी है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस देर रात संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन आरोप है कि बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें रक्षित त्यागी और उसका साथी ऋतिक घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी हथियारों की डिलीवरी देने जा रहे थे। मौके से पुलिस ने चार पिस्टल और दो तमंचे बरामद किए हैं। रक्षित त्यागी और ऋतिक के खिलाफ पहले से ही दर्जनभर आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।
घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मामले में सिटी सीओ सिद्धार्थ मिश्रा ने बताया कि पुलिस को काफी समय से इनकी गतिविधियों की सूचना मिल रही थी और चेकिंग अभियान के दौरान यह कार्रवाई हुई। पूरे मामले की जांच जारी है और आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
मुजफ्फरनगर में इस मुठभेड़ के बाद पुलिस अलर्ट पर है। साफ है कि अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज की जा रही है।
जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

