मुजफ्फरनगर जनपद के गांव रोनी हरजीपुर में जिला पंचायत निधि से चल रहे निर्माण कार्य को लेकर अब मामला बेहद गंभीर रूप ले चुका है। घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल के आरोपों के बीच अब भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेता ने सनसनीखेज आरोप लगाया है कि निरीक्षण के दौरान कुछ लोगों ने उन्हें तमंचा दिखाकर डराने और बदसलूकी करने की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि जिला पंचायत सदस्य कृष्णमती उर्फ मीनू शर्मा की निधि से गांव में मिट्टी के खड़ंजे (खड़चा) का निर्माण कराया जा रहा था। ग्रामीणों का आरोप है कि इस कार्य में मानकों की अनदेखी कर पिल्ली और कमजोर ईंटों का प्रयोग किया जा रहा था। निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने के बाद भाकियू नेता विकास शर्मा मौके पर पहुंचे और कार्य की जांच की।
विकास शर्मा का आरोप है कि जब उन्होंने घटिया सामग्री का विरोध किया और काम रुकवाने की बात कही, तभी वहां मौजूद कुछ लोगों ने उनके साथ अभद्रता की। उन्होंने दावा किया कि कुछ व्यक्तियों ने तमंचा निकालकर उन्हें धमकाने की कोशिश की, ताकि वे मामले को आगे न बढ़ाएं। इस घटना से गांव में दहशत और आक्रोश दोनों का माहौल है।
भाकियू नेता ने तुरंत संबंधित अधिकारियों को फोन पर पूरे मामले की जानकारी दी और निर्माण कार्य रुकवाया। उनका कहना है कि यदि जनता के पैसे से होने वाले विकास कार्यों में भ्रष्टाचार उजागर करने पर जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को ही हथियारों से डराया जाएगा, तो यह बेहद चिंताजनक स्थिति है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते हस्तक्षेप नहीं होता तो घटिया निर्माण पूरा हो जाता और बाद में इसकी कीमत आम जनता को चुकानी पड़ती। अब गांव के लोग निष्पक्ष जांच, दोषी ठेकेदारों पर कार्रवाई और हथियार दिखाकर धमकाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
भाकियू की ओर से चेतावनी दी गई है कि यदि प्रशासन ने इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेकर तुरंत कार्रवाई नहीं की, तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है, लेकिन गांव में हालात तनावपूर्ण बताए जा रहे हैं।
यह मामला अब केवल घटिया निर्माण तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि सरकारी धन, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था से जुड़ा गंभीर सवाल बन गया है। अब निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।
जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट।

