झाँसी। झाँसी से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर कोतवाली क्षेत्र के बड़ागांव गेट बाहर इलाके में एक व्यक्ति को उसकी ही पत्नी और भतीजे द्वारा कथित तौर पर बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने का मामला उजागर हुआ है। इतना ही नहीं, इस मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार पीड़ित संतोष और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। संतोष की मां मानकुंवर ने बताया कि संतोष को शराब की लत है, जिसके कारण घर में अक्सर कहासुनी और विवाद होता रहता था। इसी विवाद के चलते कथित रूप से पत्नी और भतीजे ने संतोष के हाथ-पैर बांध दिए और उसके साथ मारपीट की।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में संतोष को बंधा हुआ देखा जा सकता है, जबकि दो लोग उसके साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि वीडियो और आरोप सही पाए जाते हैं, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पूरे इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है। पारिवारिक विवाद का यह हिंसक रूप न केवल कानून व्यवस्था बल्कि सामाजिक मूल्यों पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

