मजदूरों की चीखों के बीच पहुंची प्रशासनिक टीम, SDM निकिता शर्मा ने संभाला मोर्चा — 2 की मौत, 18 घायल।
खबर उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर से है।
मुजफ्फरनगर। रतनपुरी थाना क्षेत्र के सठेड़ी नहर के पास हुआ भीषण सड़क हादसा पूरे इलाके को गमगीन कर गया। मजदूरों से भरे छोटा हाथी वाहन को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिसमें ताराचंद और रामचंद्र की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 18 मजदूर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल था। खेतों में मटर तोड़ने के लिए मेरठ के पावली खाश जा रहे इन मजदूरों की सुबह कुछ ही पलों में मातम में बदल गई।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला तुरंत मौके पर पहुंच गया। एसडीएम निकिता शर्मा स्वयं घटनास्थल पर मौजूद रहीं और हर छोटी-बड़ी स्थिति पर बारीकी से नजर रखते हुए राहत और बचाव कार्यों को तेज कराया। उन्होंने पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई। मौके पर उनका सक्रिय और संवेदनशील रवैया लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छोटा हाथी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मजदूर सड़क पर गिरकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने भी इंसानियत दिखाते हुए तुरंत मदद शुरू की। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया, जहां कुछ की हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
एसडीएम निकिता शर्मा ने मौके पर मौजूद रहकर पूरे घटनाक्रम की गहन जांच पड़ताल की और हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाए। प्रशासन की मौजूदगी से लोगों में भरोसा जरूर दिखा, लेकिन मजदूरों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है और ट्रक चालक की तलाश जारी है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रहे वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और गांवों में मातम पसरा हुआ है।
जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

