Thursday, October 1, 2026

बुर्के वाली चोर गिरफ्तार, बाजार में महिलाओं के बैग से कैश-जूलरी उड़ाने का खुलासा।


झाँसी। शहर के व्यस्त बाजार में खरीदारी करने आई महिलाओं को निशाना बनाकर बैग से नगदी और जेवर चोरी करने वाली शातिर महिला को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी महिला भीड़भाड़ का फायदा उठाकर वारदात करती थी और कपड़े व हुलिया बदलकर फरार हो जाती थी। पुलिस ने उसके बैग से चोरी किए गए करीब 40 हजार रुपये और जेवर बरामद कर उसे जेल भेज दिया है।

मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के मुख्य बाजार का बताया जा रहा है, जहां लगातार महिलाओं के बैग से पैसे और जूलरी चोरी होने की घटनाओं से हड़कंप मचा हुआ था। जानकारी के अनुसार आरोपी रुखसार ने एक कॉस्मेटिक दुकान पर खरीदारी कर रही महिला के बैग से करीब 25 हजार रुपये पार कर दिए। इसके कुछ देर बाद दूसरी दुकान पर एक महिला के 15 हजार रुपये और एक अन्य महिला के जेवर चोरी कर लिए गए। लगातार तीन वारदातों के बाद बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों ने संदिग्ध महिला की तलाश शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी कभी बुर्का तो कभी सलवार सूट पहनकर बाजार में घूमती थी और अपने बैग में अलग-अलग रंग के दुपट्टे रखती थी। वारदात के बाद वह तुरंत अपना हुलिया बदल लेती थी, जिससे पहचान मुश्किल हो जाती थी। इस बार लोगों की सतर्कता के चलते महिला बाजार में ही पकड़ ली गई। भीड़ ने उसे घेर लिया और धक्कामुक्की के बीच उसके बैग की तलाशी ली गई, जिसमें चोरी के रुपये और जेवर बरामद हुए।

दुकानदार सुकेश गुप्ता ने बताया कि बाजार में पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं और आरोपी महिला काफी समय से सक्रिय थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि महिला पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुकी है और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है। साथ ही उसके संभावित साथियों और पुराने मामलों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले बाजारों में अपने बैग और कीमती सामान को सुरक्षित रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें, ताकि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Latest news
Related news