मुजफ्फरनगर जनपद के हरसोली गांव में स्थित एक शिव मंदिर में महंत और सेवादार के साथ मारपीट और मंदिर की मूर्तियां तोड़े जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना शाहपुर थाना क्षेत्र की है। मंदिर के महंत पुष्कर नाथ के अनुसार, 16 फरवरी की रात करीब 8 बजे गांव के ही प्रधान पति तेजवीर के भाई सोहनवीर उर्फ पिंटू, बेटे अजय और भांजे अरुण उर्फ कलुआ मंदिर पहुंचे। आरोप है कि तीनों शराब के नशे में थे और मंदिर परिसर में घुसकर पहले सेवादार नितिन के साथ बेरहमी से मारपीट की।
महंत का कहना है कि जब वह गांव में प्रसाद वितरण कर लौटे और विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने मंदिर में स्थापित की गई कीमती मूर्तियों को भी तोड़कर खंडित कर दिया। महंत ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उनके पीछे अवैध हथियार (कट्टा) लेकर दौड़े, जिससे उन्हें अपनी जान बचाकर मौके से भागना पड़ा।
बताया गया है कि मंदिर में हाल ही में प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम हुआ था और भंडारा आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में संत और श्रद्धालु शामिल हुए थे। महंत के अनुसार, मूर्तियां मकराना पत्थर से बनवाई गई थीं और पूरे आयोजन में लाखों रुपये खर्च हुए थे।
इस पूरी घटना की तस्वीरें और वीडियो मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गईं। वायरल फुटेज में आरोपी महंत के साथ बदसलूकी और मंदिर परिसर में हंगामा करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
मामले में कार्रवाई करते हुए गजेंद्र पाल सिंह, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना ने बताया कि महंत की शिकायत के आधार पर थाना शाहपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और मामले की जांच जारी है।
जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

