Thursday, October 1, 2026

मंत्री अनिल कुमार के प्रयास रंग लाए, पुरकाजी को ₹37 करोड़ का नाला निर्माण।

पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र को वर्षों से जूझ रही जलभराव की गंभीर समस्या से जल्द बड़ी राहत मिलने जा रही है। यह संभव हो पाया है पुरकाजी विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार के सतत प्रयासों से। उनके प्रभावी हस्तक्षेप और मजबूत पैरवी के चलते मुजफ्फरनगर में जेल गेट से गांधी कॉलोनी, पचेण्डा रोड होते हुए बाईपास तक नाला निर्माण कार्य के लिए ₹37 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

वित्तीय वर्ष 2025–26 में राज्य सेक्टर कार्यक्रम के अंतर्गत सीवरेज एवं जल निकासी योजना में शामिल इस परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए सरकार ने ₹5 करोड़ की पहली किस्त भी जारी कर दी है, जिससे कार्य शीघ्र प्रारंभ होने का रास्ता साफ हो गया है।

यह मार्ग मुजफ्फरनगर शहर का सबसे व्यस्त और संवेदनशील मार्ग माना जाता है। लंबे समय से यहां बरसात के दौरान जलभराव, जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति बनी रहती थी। आम जनता, व्यापारी और राहगीर लगातार इस समस्या से परेशान थे। कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने क्षेत्र की इस ज्वलंत समस्या को गंभीरता से लेते हुए शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए, जिसके परिणामस्वरूप इस बहुप्रतीक्षित परियोजना को मंजूरी मिली।

नाला निर्माण कार्य के पूरा होने के बाद जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान होगा। साथ ही सड़क अधिक चौड़ी, सुरक्षित और सुगम बनेगी, जिससे यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। यह परियोजना पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित मानी जा रही है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार के नेतृत्व और सक्रियता के कारण ही यह बड़ा कार्य संभव हो सका है। लोगों ने इसे पुरकाजी के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक मजबूत और निर्णायक कदम बताया है।

जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

Latest news
Related news