उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर के नई मंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बझेड़ी गांव में मस्जिद के इमाम की छुट्टी को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक हो गया। यह विवाद हाजी मूसा और फूलमियां के परिवारों के बीच हुआ, जिसने देखते ही देखते गंभीर रूप ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कहासुनी के बाद फूलमियां के परिवारजनों ने अपने मकान की छत पर चढ़कर फायरिंग कर दी। इस दौरान गांव में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग में हाजी मूसा बाल-बाल बच गए, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। इसके बाद आरोप है कि लाठी-डंडों से भी हमला किया गया, जिसमें कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फायरिंग और मारपीट से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि छोटे-छोटे विवादों के हिंसक रूप लेने की चिंताजनक तस्वीर भी पेश करती है।
जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

