Thursday, October 1, 2026

इटावा में पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की कुल्हाड़ी से हत्या।




इटावा जिले के भरथना कोतवाली क्षेत्र के पड़ियापुर गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां 45 वर्षीय रणवीर सिंह यादव की उनके ही घर में धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि इस जघन्य वारदात को रणवीर की पत्नी पूजा ने अपने प्रेमी अर्पित के साथ मिलकर अंजाम दिया है।

बताया जा रहा है कि हत्या के बाद आरोपी पत्नी अपने प्रेमी के साथ बच्चों को लेकर फरार हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। जांच के दौरान हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी को बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार, पूजा और रणवीर की शादी वर्ष 2018 में हुई थी। बीते कुछ समय से घरेलू विवाद और पूजा के प्रेम संबंधों को लेकर तनाव की बात भी सामने आ रही है। पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही खुलासे का दावा कर रही है। इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

Latest news
Related news