Thursday, October 1, 2026

मेरठ में अपराध पर सख्ती, नए SSP का साफ अल्टीमेटम।




मेरठ जनपद को नया पुलिस कप्तान मिलते ही अपराधियों में हलचल मच गई है। नवनियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने कार्यभार संभालते ही कानून-व्यवस्था को लेकर बेहद सख्त रुख अपना लिया है। पहले ही दिन कप्तान ने साफ शब्दों में संदेश दे दिया कि अब मेरठ की धरती पर अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं होगी।

एसएसपी अविनाश पांडेय ने स्पष्ट किया कि जिले में जीरो टॉलरेंस नीति पूरी सख्ती के साथ लागू की जाएगी। अपराधियों के प्रति किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और अपराधियों के मन में कानून का डर पैदा करना है।

कप्तान ने जिले के टॉप-10 और सक्रिय अपराधियों की सूची अपडेट करने के निर्देश देते हुए उनके खिलाफ प्रभावी और ठोस कार्रवाई का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि अब सिर्फ कार्रवाई नहीं, बल्कि परिणाम दिखने चाहिए। मेरठ पुलिस का हर कदम जनता की सुरक्षा और शांति व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में होगा।

एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह भी साफ कर दिया गया है कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही या भ्रष्टाचार सामने आता है, तो संबंधित पुलिसकर्मियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। कप्तान ने पुलिस बल को पारदर्शिता, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ काम करने की हिदायत दी है।

उन्होंने यह भी कहा कि जनता की सुनवाई उनकी पहली प्राथमिकता है। थानों पर आने वाले फरियादियों को सम्मान और त्वरित न्याय मिलना चाहिए। शांति भंग करने वालों के खिलाफ बिना दबाव और बिना भेदभाव के कार्रवाई की जाएगी।

नए कप्तान के इस सख्त और स्पष्ट संदेश के बाद जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा बदलाव देखने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं अपराधियों में पुलिस की इस नई रणनीति को लेकर डर का माहौल बनता नजर आ रहा है।


अविनाश पांडेय, एसएसपी मेरठ, ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया।
“जनता की सुरक्षा मेरी पहली जिम्मेदारी है। अपराधियों के लिए मेरठ पुलिस अब काल साबित होगी। किसी भी सूरत में शांति भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।


जनपद मेरठ से संवाददाता दीपक वर्मा की रिपोर्ट।

Latest news
Related news